25 जून 2026 : ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार और दफन समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने राजनयिक सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री मोदी को अंतिम संस्कार संबंधी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। ईरान में 4 जुलाई से 9 जुलाई तक विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले इन समारोहों में लाखों लोगों के शामिल होने और कई देशों के गणमान्य व्यक्तियों के पहुंचने की उम्मीद है।
ईरान सरकार ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत राजधानी तेहरान से होगी और समापन मशहद में होगा, जहां खामेनेई को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। मशहद उनका जन्मस्थान होने के साथ-साथ शिया मुस्लिमों का एक प्रमुख धार्मिक केंद्र भी है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को तेहरान पर हुए संयुक्त अमेरिका-इजराइल हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, 4 और 5 जुलाई को खामेनेई के पार्थिव शरीर को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में आम जनता के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद 6 जुलाई को राजकीय अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। समारोहों के दौरान तेहरान प्रांत में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
