रायपुर 26 जून 2026 : पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं जनसंपर्क अधिकारी (PRO) प्रो. राजीव चौधरी को Association of Indian Universities (AIU) की राष्ट्रीय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति देश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में उनके लंबे शैक्षणिक, प्रशासनिक और शोध अनुभव को देखते हुए की गई है।
प्रो. चौधरी शारीरिक शिक्षा, विधि, छात्र कल्याण और विश्वविद्यालय प्रशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं। उनके नेतृत्व में समिति उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक और नीतिगत विषयों पर कार्य करेगी। इस नियुक्ति पर विश्वविद्यालय परिवार और शिक्षाविदों ने प्रो. चौधरी को बधाई देते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया।
प्रो. राजीव चौधरी वर्तमान में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू), स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन लॉ के विभागाध्यक्ष और स्कूल ऑफ स्टडीज़ इन फिजिकल एजुकेशन के विभागाध्यक्ष हैं। इससे पहले वे शारीरिक शिक्षा संकाय के डीन का दायित्व भी संभाल चुके हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय और छत्तीसगढ़ के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह नियुक्ति विश्वविद्यालयीय खेलों के विकास और खेल प्रशासन में उनके लंबे योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
