ISRO का नया कीर्तिमान: भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों के लिए रॉकेट इंजन का सफल परीक्षण

27 जून 2026 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने तमिलनाडु के महेंद्रगिरि स्थित ISRO प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में अगली पीढ़ी के सेमी-क्रायोजेनिक रॉकेट इंजन के पावर हेड टेस्ट आर्टिकल (PHTA) का सफल हॉट टेस्ट किया है। यह परीक्षण 24 जून को किया गया, जिसमें इंजन ने 175 टन थ्रस्ट (लक्षित क्षमता का 88%) पर स्थिर प्रदर्शन किया।

यह इस इंजन का आठवां सफल हॉट टेस्ट था। इससे पहले 94 टन (47%) और 120 टन (60%) थ्रस्ट पर भी सफल परीक्षण किए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के बाद ISRO अब इंजन के पूर्ण 200 टन थ्रस्ट परीक्षण की तैयारी करेगा।

यह सेमी-क्रायोजेनिक इंजन भविष्य के नेक्स्ट जेनरेशन लॉन्च व्हीकल (NGLV) और उन्नत LVM3 रॉकेट के लिए विकसित किया जा रहा है। इसके सफल होने से भारत की भारी पेलोड क्षमता बढ़ेगी और गगनयान, चंद्र तथा गहरे अंतरिक्ष मिशनों को नई मजबूती मिलेगी।