स्पोर्ट्स 30 जून 2026 : जर्मनी का 5वीं बार फीफा वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया. बोस्टन स्टेडियम में राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में पैराग्वे ने पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को मात दी. शूटआउट में तीन पेनल्टी किक चूकने के कारण जर्मन टीम को घर लौटना पड़ा. इसी के साथ पराग्वे ने जर्मनी के 44 साल के सिलसिले को भी तोड़ दिया है. बोस्टन स्टेडियम में 120 मिनट के थका देने वाले खेल के बाद मैच 1-1 से ड्रॉ रहा. इसके बाद पैराग्वे ने जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हरा दिया. इस हार के साथ ही चार बार की वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी को वर्ल्ड कप शूटआउट में अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा और टूर्नामेंट का सबसे पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया. जर्मनी शूटआउट में एक ऐसा शानदार रिकॉर्ड लेकर उतरा था जो 44 साल से कायम था. उनका यह शानदार सिलसिला 1982 के वर्ल्ड कप में फ्रांस के खिलाफ हुए रोमांचक सेमीफाइनल मैच से शुरू हुआ था. एक्स्ट्रा टाइम के बाद मैच 3-3 से ड्रॉ रहा, जिसके बाद वेस्ट जर्मनी ने पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई. हालांकि इस दौरान उली स्टिलिके वर्ल्ड कप शूटआउट में पेनल्टी चूकने वाले एकमात्र जर्मन खिलाड़ी बने, क्योंकि जीन-ल्यूक एटोरी ने उनका शॉट रोक लिया था. अगले चार दशकों तक जर्मनी के रिकॉर्ड पर वह चूक ही एकमात्र दाग रहा.
