स्पोर्ट्स 04 जुलाई 2026 : अपना पहला वर्ल्ड कप खेल रही केप वर्डे ने डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को राउंड ऑफ 32 के मैच में कड़ी टक्कर दी, लेकिन लियोनेल मेसी की टीम ने मियामी स्टेडियम में 124 मिनट तक चले मुकाबले में 3-2 से जीत हासिल करने में सफल रही. इसके साथ अर्जेंटीना FIFA वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में पहुंच गई, जहां उनका सामना मिस्र से होगा.
रेगुलर टाइम में दोनों टीमों का स्कोर 1-1 से बराबर रहा. जिसके बाद मैच का फैसला एक्स्ट्रा टाइम में हुआ. पहला गोल 29वें मिनट में हुआ जब मेसी ने गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. उसके बाद केप वर्डे के डुआर्टे ने 59वें मिनट में गोल करके स्कोर बराबर कर दिया.
अब मैच एक्स्ट्रा टाइम में चला गया, जहां पर अर्जेंटीना के लिसैंड्रो मार्टिनेज ने 92वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-1 से बढ़त बना दी, लेकिन ये बढ़त ज्यादा देर तक नहीं रही क्योंकि केप वर्डे के लोपेस कैब्राल ने शानदार अंदाज में गोल करके स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया.
लेकिन आखिर में केप वर्डे का सपना टूट गया, जब 111वें मिनट में मेसी के कॉर्नर पर केप वर्डे के एक खिलाड़ी से ‘ओन गोल’ (अपनी ही टीम के खिलाड़ी से गोल) हो गया, जिससे अर्जेंटीना 3-2 से रोमांचक मैच जीतकर अंतिम-16 में पहुंच गया. जहां उनका का मुकाबला राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रेलिया को पेनाल्टी में हराने वाली मिस्र से होगा. ये मैच भारतीय समय के अनुसार 7 जुलाई को रात 9:30 से खेला जाएगा.
मैच में लियोनल मेसी ने एक गोल किया, जिसके साथ जारी टूर्नामेंट में उनके गोलों की संख्या 7 हो गई. इसके अलावा वो अब FIFA वर्ल्ड कप में लगातार आठ मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए.
हालांकि, मेसी ने कहा कि अर्जेंटीना को केप वर्डे के खिलाफ आसान जीत की उम्मीद कभी नहीं थी. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस वर्ल्ड कप में जीत-हार का अंतर बहुत कम रहा है. आठ बार बैलन डी’ओर जीतने वाले मेसी ने छोटी फुटबॉल टीमों को हल्के में लेने वाली किसी भी सोच को खारिज कर दिया और कहा कि नॉकआउट स्टेज में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होती.
मेसी ने कहा, ‘ये नॉकआउट मैच हैं और कोई भी आपको कुछ भी आसानी से नहीं देता. कुछ लोग शायद टीमों के नाम की वजह से उन्हें कमजोर समझें, लेकिन हमें पता था कि यह मैच बिल्कुल भी आसान नहीं होगा.’
इसके साथ साथ मेसी ने मियामी की गर्मी में 120 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में टिके रहने के बाद अपनी टीम के हौसले की भी तारीफ की और कहा कि अर्जेंटीना ने अपना बेस्ट फुटबॉल खेले बिना भी आगे बढ़ने का रास्ता ढूंढ लिया है. मेसी ने आखिर में कहा, ‘अब सबसे जरूरी बात है आराम करना, अगले मैच के बारे में सोचना और आज के मुकाबले से पॉजिटिव बातें निकालने की कोशिश करना.’
