07 जुलाई 2026 : तेलंगाना के निजामाबाद में एक महिला ने कथित तौर पर अपने बीमार पति की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, महिला ने उसे कैनुला के जरिए टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान प्रशांत (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गल्फ में काम करता था. प्रशांत की मां ने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें 30 जून को अपने बेटे की मौत की खबर मिली.
मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि उन्हें यह तक नहीं पता था कि उनका बेटा घर वापस आ गया है और मौत से पहले उसके साथ क्या-क्या हुआ. मां ने अपने बेटे की मौत को रहस्यमय बताते हुए अपनी बहू पर शक जताया था.
पुलिस जांच के दौरान मिले तकनीकी सबूतों के आधार पर यह बात सामने आई कि संध्या का अनिल नाम के एक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था. पुलिस के अनुसार, संध्या और अनिल ने प्रशांत को रास्ते से हटाने की साजिश रची, क्योंकि उन्हें लगा कि पति उनके प्रेम प्रसंग में सबसे बड़ी बाधा है. अपनी इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के लिए उन्होंने वेंकट साई नाम के एक अन्य व्यक्ति की मदद ली.
योजना के तहत 29 जून को साई प्रशांत के घर गया और उसे काफी मात्रा में शराब पिलाई. इसके बाद साई प्रशांत को इमारत की छत पर ले गया और योजना के अनुसार, उसे छत से नीचे धक्का दे दिया. हालांकि इस घटना में प्रशांत की जान बच गई, लेकिन उसे गंभीर चोटें आईं. इसके बाद संध्या और साई घायल प्रशांत को इलाज के लिए पहले एक सरकारी अस्पताल ले गए. बाद में उसे एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, लेकिन फिर वे उसे वापस घर ले आए.
