‘क्रिकेट के मक्का’ लॉर्ड्स पर भारत का परचम, महिला टीम ने पहली टेस्ट जीत हासिल की

लंदन 13 जुलाई 2026 : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में इतिहास रच दिया है. भारतीय टीम ने लॉर्ड्स पर खेले गए ऐतिहासिक मैच में इंग्लैंड को 270 रन से हरा दिया. भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 457 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा था, इंग्लैंड की टीम खेल के चौथे दिन 186 रन पर ढेर हो गई.

इंग्लैंड ने अंतिम दिन की शुरुआत छह विकेट पर 130 रन से आगे खेलते हुए की और 90 मिनट से अधिक बल्लेबाजी की लेकिन आखिरकार भारतीय गेंदबाजों के सामने घुटने टेक दिए. ऐमी अंतिम दिन आउट होने वाली पहली बल्लेबाज रहीं, उन्हें स्नेह ने मिडविकेट पर शेफाली वर्मा के हाथों कैच कराया. क्रांति की गेंद पर दो जीवनदान पाने वाली एकलेस्टोन ने इजी वोंग (33 गेंद में एक रन) के साथ मिलकर भारत के जीत के इंतजार को बढ़ाया लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सकीं. दीप्ति ने वोंग और लॉरेन बेल (00) को बोल्ड करके भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचाया. स्नेह ने इसके बाद एकलेस्टोन को बोल्ड करके भारत की जीत सुनिश्चित की जिसके बाद मैदान पर और भारतीय ड्रेसिंग रूम में जश्न शुरू हो गया.

स्नेह राणा ने चटकाए चार विकेट

भारत की ओर से स्पिनर स्नेह राणा ने 42 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि दीप्ति शर्मा, सयाली सतघरे और क्रांति गौड़ ने दो-दो विकेट हासिल किए. विकेटकीपर बल्लेबाज एमी जोन्स ने इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक 52 रन बनाए जबकि सोफी एकलेस्टोन ने 50 रन की पारी खेली.

भारत की जीत की नींव स्मृति मंधाना और तीसरे दिन यादगार शतक जड़ने वाली यस्तिका भाटिया ने रखी. क्रांति गौड़ ने पहली पारी में पांच विकेट लेकर भारत को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई और लॉर्ड्स के ‘ऑनर बोर्ड’ पर अपना नाम दर्ज कराया.

142 साल बाद खेला गया था टेस्ट मैच, भारतीय महिला टीम ने मारी बाजी

लॉर्ड्स में 142 साल के इतिहास में पहली बार महिलाओं का टेस्ट मैच खेला गया था, जहां भारतीय महिला टीम ने बाजी मारी. इस ऐतिहासिक मैदान पर पहला पुरुष टेस्ट मैच साल 1884 में खेला गया था, जो इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ था. इस मैच के पूरे 142 साल बाद यहां 10 जुलाई से पहला महिला टेस्ट मैच खेला गया.

इस मैच की बात करें तो भारतीय टीम पहली पारी में स्मृति मंधाना (83), हरमनप्रीत कौर (58) और दीप्ति शर्मा (57) की मदद से 285 रन बनाए. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने क्रांति गौड़ की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को महज 170 रन पर समेट दिया. क्रांति गौड़ ने पांच विकेट चटकाए. सयाली सतघरे और स्नेह राणा को दो- दो सफलता मिली.

पहली पारी में 115 रन की लीड के साथ दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने यास्तिका शर्मा के ऐतिहासिक शतक की मदद से सात विकेट पर 341 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. यास्तिका शर्मा लॉर्ड्स में शतक लगाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं. उन्होंने 113 रन की पारी खेली. उनके अलावा स्मृति मंधाना ने 70 रन और ऋचा घोष ने 50 रन का योगदान दिया. इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 457 रन का मुश्किल लक्ष्य था, स्नेह राणा के चार विकेट की मदद से भारत ने इंग्लैंड को दूसरी पारी में 186 रन पर समेट दिया. एमी जोन्स और सोफी एकलेस्टोन ने अर्धशतक लगाया.