रायपुर 22 जुलाई 2026 : छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में आबकारी आरक्षक के पद पर चयनित होने के बावजूद निर्धारित समय सीमा में कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले 29 अभ्यर्थियों की नियुक्ति रद्द कर दी गई है। इस संबंध में आबकारी आयुक्त कार्यालय ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 23 अप्रैल 2026 को कुल 200 चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति और पदस्थापना आदेश जारी किए गए थे।
तय समय में नहीं पहुंचे अभ्यर्थी
विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 200 चयनित उम्मीदवारों में से 29 अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के भीतर अपनी पदस्थापना स्थल पर उपस्थित नहीं हुए और न ही कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद विभाग ने इन अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर प्रदान करते हुए 9 जून 2026 तक जॉइनिंग देने की मोहलत दी थी। बावजूद इसके संबंधित अभ्यर्थी विभाग के समक्ष उपस्थित नहीं हुए।
अंतिम अवसर के बाद हुई कार्रवाई
आबकारी विभाग ने कहा कि शासन के निर्देशों और सेवा नियमों के तहत चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा में कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होता है। अंतिम अवसर दिए जाने के बाद भी अनुपस्थित रहने के कारण इन 29 अभ्यर्थियों की नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी गई और अब इसे औपचारिक रूप से रद्द कर दिया गया है।
रिक्त पदों पर आगे की प्रक्रिया संभव
सूत्रों के अनुसार, जिन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों ने ज्वाइन नहीं किया है, उन रिक्त पदों को भरने के लिए विभाग प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) के अभ्यर्थियों को अवसर दे सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी अलग से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। विभागीय अधिकारी रिक्तियों की स्थिति का परीक्षण कर आगे की प्रक्रिया तय करेंगे।
आबकारी आयुक्त कार्यालय ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्देशित किया है कि वे नियुक्ति आदेश में उल्लेखित समयसीमा, दस्तावेज सत्यापन और कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया का गंभीरता से पालन करें। विभाग ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने और उपस्थिति सुनिश्चित करने की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
