BRICS 2026 के लिए छत्तीसगढ़ से सिर्फ एक स्कूल चयनित, प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि

रायपुर 24 जुलाई 2026 : पीजी उमाठे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय के छात्रों ने बड़ा कमाल दिखाया है. स्कूल का चयन सम्मानित ब्रिक्स 2026 स्कूल जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट शोकेस के लिए किया गया है. रायपुर के शांतिनगर में स्थित इस स्कूल के छात्र और उनके अभिभावक इस खबर से काफी खुश हैं. छत्तीसगढ़ से चयनित यह एकमात्र विद्यालय है जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी जियोस्पेशियल परियोजना का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया. रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने इस उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कि आप पर हम सभी को नाज है.

पीजी उमाठे विद्यालय का चयन

रायपुर कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने कहा कि “यह सफलता प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार एवं जियोस्पेशियल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी. यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 22 जुलाई 2026 को भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), तिरुपति में आयोजित किया गया. जिसमें ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के समक्ष विद्यार्थियों द्वारा तैयार जियोस्पेशियल परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया.”

पी.जी. उमाठे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षिका रीता मंडल के मार्गदर्शन में “Building Sponge City Together” विषय पर अपनी परियोजना प्रस्तुत कर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया. यह कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) तथा भारती विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरनमेंट एजुकेशन एंड रिसर्च (BVIEER), पुणे के सहयोग से आयोजित किया गया.

जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन

स्कूल की टीचर रीता मंडल को परियोजना मार्गदर्शक के रूप में चयनित किया गया. वहीं विद्यालय की कक्षा 8 वीं की छात्रा वार्तिका पाटिल और कक्षा 7 वीं की छात्रा उमेश्वरी साहू ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने नवाचारपूर्ण जियोस्पेशियल प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन किया. विद्यार्थियों ने भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) सैटेलाइट इमेजरी मोबाइल मैपिंग एवं अन्य आधुनिक जियोस्पेशियल तकनीकों का उपयोग करते हुए रेग्यूलर विकास लक्ष्य (SDG-6) “सभी के लिए स्वच्छ जल और स्वच्छता” विषय पर उत्कृष्ट कार्य किया. उनके अभिनव प्रयासों के आधार पर विद्यालय को यह महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ.