कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का दूसरा मेडल: वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने जीता सिल्वर

कॉमनवेल्थ गेम्स 26 जुलाई 2026 : ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत को दूसरा मेडल मिला है. वेटलिफ्टिंग में पुरुषों के 60 किलोग्राम भारवर्ग में भारतीय वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने सिल्वर मेडल जीता है. उन्होंने स्नैच में 121 किलोग्राम का भार सफलतापूर्वक उठाते हुए राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से अपने नाम किया. हालांकि, उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 151 किलोग्राम का वजन उठाने का प्रयास किया ताकि वह गोल्ड मेडल को जीत सकें, लेकिन वे इस लिफ्ट को पूरा नहीं कर सके. हालांकि इसके बावजूद, अपने पिछले शानदार प्रदर्शन के दम पर वह सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहे.

भारतीय वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने जीता सिल्वर मेडल

भारतीय वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने स्नैच इवेंट में अपने पहले प्रयास में 116 किलोग्राम का वजन उठाया. इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 119 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 121 किलोग्राम का वजन सफलतापूर्वक उठाया. स्नैच में संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद भारतीय वेटलिफ्टर ऋषिकांत ने क्लीन एंड जर्क में अपने पहले प्रयास में 143 किलोग्राम उठाया. हालांकि, दूसरी कोशिश में वह 148 किलोग्राम नहीं उठा सके. गोल्ड मेडल अपने नाम करने के प्रयास में ऋषिकांत ने तीसरे सेट में 151 किलोग्राम उठाने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके.

मलेशिया के अनीक कसदान ने जीता गोल्ड मेडल

मलेशिया के अनीक कसदान ने क्लीन एंड जर्क में 145, 149 और 152 किलोग्राम के तीनों प्रयासों को सफलतापूर्वक पूरा किया. उन्होंने स्नैच और क्लीन एंड जर्क को मिलाकर कुल 273 किलोग्राम का वजन उठाया. यह कॉमनवेल्थ गेम्स के 60 किलोग्राम भारवर्ग में एक नया रिकॉर्ड है. वहीं, केन्या के जोशुआ एमबोया ने ब्रॉन्ज मेडल कांस्य पदक को अपने नाम किया है. उन्होंने अपने सभी प्रयासों को मिलाकर कुल 260 किलो वजन उठाया. उन्होंने स्नैच इवेंट में 115 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 145 किलोग्राम का वजन उठाया.

झंडू कुमार ने जीता भारत के लिए पहला मेडल

भारत को 25 जुलाई को ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पहला मेडल मिला. बिहार से आने वाले झंडू कुमार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत को पहला मेडल दिलाया. झंडू कुमार ने पुरुषों की हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. 28 वर्षीय झंडू कुमार ने स्पर्धा में 181 किग्रा और 190 किग्रा का वजन सफलतापूर्वक उठाकर 130.9 पॉइंट्स हासिल किए. हालांकि, वह 196 किग्रा के गोल्ड मेडल के लिए निर्णायक प्रयास पूरा नहीं कर सके. इस इवेंट में भारत के अन्‍य एथलीट सुधीर थे, जो 114.1 अंक के साथ छठे स्‍थान पर रहे. नाइजीरिया के इदरिस रिलुवान ने 132.8 प्‍वाइंट्स हासिल कर गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमाया था. वहीं इंग्‍लैंड के मैथ्‍यू हार्डिंग ने 131 अंक के साथ सिल्‍वर मेडल अपने नाम किया. 26 जुलाई को भारत को और भी मेडल मिल सकता है.