रांची 11 अगस्त 2026 : विधानसभा घेराव के लिए निकले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्रों को पुलिस ने पुरानी विधानसभा के पास रोक दिया. पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया.
छात्रों को डिटेन किए जाने के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई. जिन छात्रों को पुलिस ने बस में बैठाया उनके समर्थन में बड़ी संख्या में अन्य छात्र बस के आगे पहुंच गए और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया. ABVP छात्र पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए लगातार नारेबाजी की और हिरासत में लिए गए छात्रों को छोड़ने की मांग की.
इधर, छात्र किसी भी तरह विधानसभा तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हुए हैं, लेकिन पुलिस ने पुरानी विधानसभा के पास ही उनकी आगे बढ़ने की राह रोक दी. पुलिस लगातार छात्रों को आगे नहीं बढ़ने की हिदायत दी, जबकि छात्र बैरिकेडिंग और पुलिस की घेराबंदी को पार कर विधानसभा की ओर जाने का प्रयास करते नजर आए.
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है. छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई के बीच स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा तक पहुंचने पर अड़े हुए हैं.
वहीं बता दें कि सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर बीजेपी ने मंगलवार को झारखंड बंद बुलाया है. रांची समेत तमाम जिलों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
