रायपुर 11अगस्त 2026 : छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अग्रवाल को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत हिरासत में लिया गया है.
बता दें, गिरफ्तारी के बाद ईडी उन्हें लोकल कोर्ट में पेश करेगी. एजेंसी अदालत से उनकी कस्टडी में पूछताछ के लिए रिमांड मांग सकती है. जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में पैसों के लेन-देन और कथित घोटाले से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है.
ED के अनुसार, कथित शराब घोटाला साल 2019 से 2022 के बीच हुआ था. उस समय छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार थी. जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि सीनियर अधिकारियों और राजनीतिक लोगों से जुड़े आपराधिक सिंडिकेट ने राज्य के आबकारी विभाग की व्यवस्था पर नियंत्रण कर लिया था. ईडी का दावा है कि इस नेटवर्क के कारण राज्य के सरकारी खजाने को करीब 2,883 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.
ईडी के मुताबिक, इस मामले में अब तक छह चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं. इनमें कुल 81 आरोपियों के नाम शामिल किए गए हैं. इनमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल, पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास, पूर्व संयुक्त सचिव अनिल टुटेजा, पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और मुख्यमंत्री कार्यालय की पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं.
ईडी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है. वहीं, आरोपों पर फाइनल चीजें कोर्ट में मामले की सुनवाई और आगे की जांच के बाद ही साफ होगी.
