ढाका 14 अगस्त 2026 : बांग्लादेश में 20 अगस्त को होने जा रहा राष्ट्रपति चुनाव तीन दशक से अधिक समय बाद एक नए राजनीतिक घटनाक्रम का गवाह बनने जा रहा है. देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए इस बार पहली बार ‘बैलेट बैटल’ होने की संभावना है. वर्ष 1991 के बाद से राष्ट्रपति चुनाव आमतौर पर निर्विरोध होते रहे हैं, लेकिन इस बार सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और मुख्य विपक्षी जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है. राष्ट्रपति चुनाव प्रधानमंत्री तारिक रहमान के लिए बड़ी राजनीतिक चुनौती भी है.
बांग्लादेश निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति चुनाव 20 अगस्त को राष्ट्रीय संसद भवन के सत्र कक्ष में होगा. यदि मैदान में एक से अधिक उम्मीदवार रहते हैं तो सांसद गुप्त मतदान के जरिए राष्ट्रपति का चुनाव करेंगे. राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन के 24 जुलाई को इस्तीफा देने के बाद संसद अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद फिलहाल कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. बांग्लादेश के संविधान के मुताबिक, राष्ट्रपति पद रिक्त होने के 90 दिनों के भीतर नए राष्ट्रपति का चुनाव कराया जाना जरूरी है.
बीएनपी की तरफ से कौन उम्मीदवार
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सत्तारूढ़ बीएनपी की ओर से पार्टी महासचिव और ग्रामीण विकास एवं सहकारिता मंत्री मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है. बताया जा रहा है कि फखरुल ने राष्ट्रपति पद के लिए अपनी सहमति संबंधी फॉर्म पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. पार्टी बुधवार या गुरुवार को उनकी उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा कर सकती है.
