ऑपरेशन निश्चय में सिमगा पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 30 किलो गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्करी में 7 आरोपी गिरफ्तार

योगेश यादव/बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ सिमगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस ने एनएच-130 पर घेराबंदी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जा रहे थे। कार्रवाई में 30 किलो 430 ग्राम गांजा, दो कार और छह मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 25 लाख 41 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस को देखकर भागने लगे तस्कर, डिवाइडर से टकराई कार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सिमगा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद स्विफ्ट कार में गांजा भरकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। तस्करी में शामिल गिरोह पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आगे बलेनो कार को पायलट वाहन के रूप में चला रहा था।

सूचना के आधार पर पुलिस ने सिमगा ओवरब्रिज और एनएच-130 पर नाकेबंदी की। पुलिस टीम को देखकर दोनों वाहनों के चालकों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान ग्राम दामाखेड़ा में खुशी वाटिका के पास स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

30 किलो 430 ग्राम गांजा और दो कारें जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 पैकेट में रखा 30 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत 15 लाख 21 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 3.50 लाख रुपये कीमत की स्विफ्ट कार, 6 लाख रुपये कीमत की बलेनो कार और लगभग 70 हजार रुपये के छह एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत 25 लाख 41 हजार 500 रुपये है।

प्रयागराज के रहने वाले हैं सभी सात आरोपी

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

1. विनीत कुमार भारती (29 वर्ष) — निवासी छतहरा, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

2. करन कनौजिया (23 वर्ष) — निवासी छतहरा, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

3. सुनील कुमार भारती (22 वर्ष) — निवासी छतहरा, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

4. सुखलेन्द्र कुमार नट (35 वर्ष) — निवासी छतहरा, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

5. राजेंद्र गुप्ता (42 वर्ष) — निवासी नौढिया तरहार, थाना लालापुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

6. शिवशंकर बिन्द (26 वर्ष) — निवासी पावरी, थाना घूरपुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

7. अनिल कुमार बिन्द (39 वर्ष) — निवासी पावरी, थाना घूरपुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश।

पहचान की आड़ में तस्करी करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपियों में से एक व्यक्ति स्थानीय स्तर पर पत्रकार के सहायक के रूप में जुड़ा हुआ था, जबकि दूसरा कथित ग्रामीण चिकित्सक के रूप में काम करता था। पुलिस का दावा है कि आरोपी अपनी पहचान का सहारा लेकर चेकिंग से बचने का प्रयास करते थे। इस मामले में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

सिमगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों और खरीदारों के संबंध में आगे की जांच जारी है।

यह कार्रवाई बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में ऑपरेशन निश्चय के तहत की गई। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।