हल्द्वानी (उत्तराखंड), 25 जून 2025: उत्तराखंड के हल्द्वानी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवजात समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार के सदस्य चार दिन पहले जन्मे नवजात को लेकर अस्पताल से घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ जब कार, जो सुशीला तिवारी अस्पताल से लौट रही थी, दमकल विभाग के पास अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। वाहन पुल के नीचे फंस गया, जिससे कार में पानी भर गया और उसमें सवार लोग उसमें फंस गए।
हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चार दिन के नवजात, उसके पिता राकेश (32), उसकी नानी कमला देवी (50) और ताई नीतू (36) के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में नवजात की मां रमा (27), नीतू के पति रमेश (39) और कार चालक श्यामलाल (40) घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गोताखोरों की मदद से कार को बाहर निकाला गया।
