रायपुर में 7 जुलाई को कांग्रेस की “किसान, जवान, संविधान” जनसभा, तैयारियां पूरी मंच साझा करेंगे कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल

रायपुर में आगामी 7 जुलाई को कांग्रेस की बड़ी जनसभा “किसान, जवान, संविधान” का आयोजन होने जा रहा है। साइंस कॉलेज मैदान में होने वाली इस सभा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल इस ऐतिहासिक जनसभा में शिरकत करेंगे।

शनिवार को रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि इस जनसभा में प्रदेशभर से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। सभी जिलों में सभा को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और पार्टी के नेता जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं।

केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना

दीपक बैज ने कहा कि यह सभा केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा के लिए जन आंदोलन की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की विफलताओं और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस इस सभा के जरिए बड़ा संदेश देगी।

बैज ने बताया कि सभा के मुख्य मुद्दों में किसानों को खाद-बीज और डीएपी की किल्लत, सेना में भर्ती की अनदेखी, संवैधानिक संस्थाओं पर हमला, महिला सुरक्षा, निर्दोष आदिवासियों पर अत्याचार, शिक्षा व्यवस्था में भारी कटौती, अवैध शराब की बिक्री और अघोषित बिजली कटौती जैसे ज्वलंत विषय शामिल हैं।

शिक्षा, रोजगार और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर भी सवाल

प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में युक्तियुक्तकरण के नाम पर 10,463 स्कूल बंद कर दिए, 45,000 शिक्षक पद खत्म कर दिए और सैकड़ों रसोइयों व चौकीदारों की छंटनी कर दी गई है। इसके साथ ही राज्य में अवैध शराब बिक्री और बिजली संकट पर भी सवाल उठाए गए हैं।

यह केवल सभा नहीं, जनआंदोलन की शुरुआत: बैज

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेशभर में घर-घर संपर्क कर लोगों से जनसभा में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। “यह केवल सभा नहीं, बल्कि देश की आत्मा और संविधान की रक्षा के लिए जनआंदोलन की शुरुआत है। हम इसे पूरी ताकत से सफल बनाएंगे।”

प्रेस वार्ता में ये नेता रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के साथ प्रदेश प्रभारी सचिव एस. सम्पत, जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड़, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा, पूर्व अध्यक्ष धनेंद्र साहू, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, सत्य प्रकाश और अजय गंगवानी उपस्थित थे।