23 जून 2026 : टीम इंडिया क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी अब सीनियर टीम इंडिया के साथ अपने पहले बड़े अंतरराष्ट्रीय दौरे पर रवाना हो गए हैं। मंगलवार को वह टीम के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए उड़ान भरते नजर आए। इस दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से उन्हें 3 नंबर की जर्सी सौंपी गई, जिसे देखकर वह काफी देर तक भावुक होकर उसे निहारते रहे। यह पल उनके करियर के सबसे खास लम्हों में से एक माना जा रहा है।
जर्सी सौंपने का जिम्मा टीम इंडिया के थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु को दिया गया था। वैभव सूर्यवंशी ने जर्सी लेने से पहले रघु के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने जर्सी स्वीकार की। इस पूरे पल को कैमरे में रिकॉर्ड किया गया, जो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। 15 साल की उम्र में सीनियर टीम का हिस्सा बनना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
टीम इंडिया में चयन के बाद वैभव सूर्यवंशी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस पल को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार बल्ला उठाया था, तभी से यह सपना देखा था कि एक दिन वह देश के लिए खेलेंगे। अब यह सपना पूरा हो गया है और यह उनके करियर का सबसे बड़ा कदम है।
वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में जगह मिली है और वह देश के सबसे कम उम्र के इंटरनेशनल क्रिकेटर बनने की ओर बढ़ रहे हैं। अगर वह आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरते हैं, तो वे 15 साल की उम्र में भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। इससे पहले यह रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में डेब्यू किया था।
वैभव सूर्यवंशी का हालिया आईपीएल प्रदर्शन भी बेहद शानदार रहा था। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले। वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी भी बन चुके हैं। उनके इस प्रदर्शन ने ही उन्हें राष्ट्रीय टीम तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है।
भारतीय टीम का आयरलैंड दौरा 26 जून से शुरू होगा, जबकि इंग्लैंड दौरा 1 जुलाई से खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर इतिहास रच पाएंगे या नहीं।
