जिला अस्पताल में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल: ड्रेसर 5 हजार लेते कैमरे में कैद, कार्रवाई के बाद किया गया सस्पेंड

जशपुर जिला अस्पताल में पदस्थ ड्रेसर किशोर कुमार चौहान का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में वह 5 हजार रुपए लेते हुए नजर आ रहा है और साथ ही 2 हजार रुपए और देने की बात भी करता सुनाई दे रहा है।

मामला मेडिकल रिम्बर्समेंट (चिकित्सा प्रतिपूर्ति) से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, एक सरकारी कर्मचारी ने इलाज के बाद खर्च की राशि के भुगतान के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस फाइल को पास कराने के एवज में ड्रेसर द्वारा रिश्वत की मांग की गई।

वायरल वीडियो में दोनों के बीच 45 हजार रुपए इलाज में खर्च और IVF को लेकर बातचीत भी सुनाई दे रही है। ड्रेसर यह कहते हुए भी नजर आ रहा है कि, “जिसके साइन से पैसा निकल रहा है, उसे पैसा नहीं देना चाह रहे हो। हम चाहते तो बिल रायपुर भेज देते, लेकिन वहां से पास नहीं होता क्योंकि IVF का पैसा नहीं मिलता है।”

हालांकि, पैसे देने वाला व्यक्ति अब तक सामने नहीं आया है और न ही इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।

बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल को यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। जांच के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने इसे गंभीर अनुचित आचरण मानते हुए कार्रवाई की।

अधिकारियों के अनुसार, यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन है। साथ ही सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम-9 के तहत ड्रेसर किशोर कुमार चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सस्पेंशन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इस कार्रवाई के बाद जिला अस्पताल सहित पूरे स्वास्थ्य विभाग में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।