भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए सभी जिलाध्यक्षों को 16 अप्रैल तक कार्यकारिणी गठन करने की डेडलाइन दी

रायपुर  14 अप्रैल 2026 : प्रदेश कांग्रेस संगठन ने जिला कांग्रेस कमेटियों को कार्यकारिणी गठन के लिए सख्त डेडलाइन दे दी है। 16 अप्रैल तक हर हाल में कार्यकारिणी घोषित करनी होगी, वरना संगठन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

तय समय सीमा तक कार्यकारिणी का गठन नहीं होने पर PCC संबंधित जिलों में पर्यवेक्षक भेजेगी। ये पर्यवेक्षक स्थानीय स्तर पर रायशुमारी कर नामों की सूची तैयार करेंगे, जिसके आधार पर कार्यकारिणी घोषित की जाएगी।

बताया जा रहा है कि पहले 31 मार्च तक कार्यकारिणी गठन के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई जिलों में प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। इसके बाद PCC ने बैठक में समयसीमा बढ़ाकर 16 अप्रैल कर दी है।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई बैठक में स्पष्ट किया गया कि, संगठनात्मक कार्यों में देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाध्यक्षों को तय समय में कार्यकारिणी गठन पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

रायपुर में अनुमोदन के बाद जारी हुई सूची

इधर, रायपुर शहर कांग्रेस में PCC के अनुमोदन के बाद 70 वार्ड अध्यक्षों की सूची जारी की गई। कांग्रेस भवन में हुई बैठक में नए पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय होने और बूथ कमेटियों के गठन पर फोकस करने को कहा गया।

साथ ही संगठन विस्तार, जनसमस्याओं को उठाने और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।