स्पोर्ट्स 24 जून 2026 : हॉकी प्रो प्रो लीग 2025-26 के लंदन लेग में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. मैच की शुरुआत भारतीय टीम के लिए आसान नहीं रही और पाकिस्तान ने पहले ही क्वार्टर में बढ़त बना ली. लेकिन बाद में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए मुकाबला 4-3 से अपने नाम कर लिया.लंदन के ली वैली हॉकी और टेनिस सेंटर में खेले गए मुकाबले के 8वें मिनट में पाकिस्तान के नदीम अहमद ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके टीम को बढ़त दिलाई. हालांकि, दूसरे क्वार्टर में भारत ने खेल का रुख पूरी तरह बदल दिया. 21वें मिनट में अभिषेक ने बराबरी दिलाई और इसके सिर्फ तीन मिनट बाद नीलाकांता शर्मा ने गोल करके भारत को आगे कर दिया. तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने एक और गोल दागकर बढ़त मजबूत कर दी.
भारत ने चौथे क्वार्टर में भी आक्रामक खेल जारी रखा और 52वें मिनट में राजिंदर सिंह ने चौथा गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया. हालांकि, अंतिम 10 मिनट में भारतीय टीम से कुछ गलतियां हुईं जिसका फायदा पाकिस्तान ने उठाया. अबू महमूद और मोइन शकील ने लगातार दो गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन आखिर तक भारत अपनी बढ़त बचाने में सफल रहा.
मैच में भारतीय टीम का दबदबा साफ नजर आया. भारत ने कुल 30 बार सर्कल में प्रवेश किया, जबकि पाकिस्तान केवल 9 बार ऐसा कर पाया. भारत को 11 पेनाल्टी कॉर्नर मिले जबकि पाकिस्तान को 8 मौके मिले. हालांकि, पाकिस्तान ने अपने तीनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर से किए. भारत ने पूरे मैच में बेहतर आक्रमण और गेंद पर नियंत्रण दिखाया.
यह भारत की प्रो लीग में लगातार तीसरी जीत रही. 13 मैचों के बाद भारत के अब 13 अंक हो गए हैं और टीम 9 देशों की अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है. दूसरी तरफ पाकिस्तान अब तक अपने सभी 13 मैच हार चुका है और उसके खाते में एक भी अंक नहीं है. अब भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड से खेलेगी और फिर 26 जून को एक बार फिर पाकिस्तान से भिड़ेगी.
