रायपुर 28 जून 2026 : छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को आसान और तेज़ बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, सड़क दुर्घटना समेत विभिन्न आपात स्थितियों के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर याद रखने की जरूरत नहीं होगी। नागरिकों को हर तरह की इमरजेंसी में सिर्फ डायल 112 करना होगा।
नई नेक्स्ट जेन CG Dial-112 सेवा के तहत पहले अलग-अलग सेवाओं के लिए उपयोग होने वाले 100 (पुलिस), 101 (फायर), 102 और 108 (एम्बुलेंस), 1033 (हाईवे सहायता) जैसे नंबरों को एकीकृत किया जा रहा है। इस प्रणाली का उद्देश्य संकट की स्थिति में त्वरित और समन्वित सहायता उपलब्ध कराना है।
सरकार के अनुसार, नई व्यवस्था को राज्य के सभी 33 जिलों में लागू किया गया है। इसके लिए 400 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन तैनात किए गए हैं, जो GPS, AI आधारित लोकेशन ट्रैकिंग, वायरलेस संचार और लाइव मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
