सोजन ने बदली रिकॉर्ड बुक, अंजू जॉर्ज का 22 साल पुराना कीर्तिमान टूटा

भुवनेश्वर 28 जून 2026 : भुवनेश्वर में चल रही इंटर-स्टेट चैंपियनशिप में लगातार नेशनल रिकॉर्ड टूट रहे हैं लेकिन इसमें सबसे खास रिकॉर्ड केरल की एंसी सोजन ने तोड़ा. उन्होंने अंजू बॉबी जॉर्ज के 2024 में बनाए रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. ओडीशा की राजधानी भुवनेश्वर में चल रही 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लगातार रिकॉर्ड टूट और बन रहे हैं. मगर 27 जून को केरल की एंसी सोजन ने एक ऐसा रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो पिछले 22 साल से बरकरार था

लॉन्ग जम्प में एंसी सोजन ने भारत की दिग्गज जम्पर अंजू बॉबी जॉर्ज का रिकॉर्ड तोड़ दिया. 25 साल की एंसी ने महिलाओं की लॉन्ग जम्प में 6.88 मीटर के साथ नया नेशनल रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया और गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही एशियम गेम्स के लिए भी क्वालिफाई किया.

इससे पहले ये रिकॉर्ड महान भारतीय एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज के नाम था, जिन्होंने एथेंस ओलंपिक 2004 में 6.83 मीटर के साथ इसे कायम किया था. पिछले 22 सालों से कोई भी इस रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब नहीं पहुंच पाया था.

27 जून का दिन भारतीय जम्पर्स के लिए शानदार रहा क्योंकि सिर्फ एंसी ही नहीं बल्कि सर्वेश कुशारे ने भी एक नया रिकॉर्ड बनाया. महाराष्ट्र के सर्वेश ने मेंस हाई जम्प में 2.31 मीटर के साथ नया नेशनल रिकॉर्ड बना दिया

कुशारे 2.30 मीटर या उससे ज्यादा की जम्प करने वाले भारत के पहले एथलीट बने. उन्होंने इस मामले में तेजस्विन शंकर का 2018 में बनाया 2.29 मीटर का रिकॉर्ड तोड़ा. सर्वेश पिछले साल टोक्यो में वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी शामिल हुए थे