01 जुलाई 2026 : कोरिया जिले के नौगई में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है. छत्तीसगढ़ सरकार ने इस पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की सहमति दे दी है. 16 जून की रात नौगई गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. मृतकों की पहचान भरत सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई थी. भरत सिंह भाजपा के पूर्व नेता थे और जनपद पंचायत अध्यक्ष रह चुके थे.
घटना के बाद से ही पीड़ित परिजन और ग्रामीण लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे. परिजनों का आरोप था कि स्थानीय पुलिस की जांच सही दिशा में नहीं बढ़ रही है और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है. परिजनों ने कई बार सरकार और प्रशासन से सीबीआई जांच की मांग को लेकर आवाज उठाई थी.
इसी बीच आज छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीड़ित परिवार से फोन कॉल में बात की. गृह मंत्री ने परिजनों से बातचीत कर उनका दुख साझा किया और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया. मुलाकात के तुरंत बाद सरकार ने इस हाई-प्रोफाइल ट्रिपल मर्डर केस की जांच सीबीआई से कराने पर सहमति जता दी. सरकार के इस फैसले के बाद अब सीबीआई की टीम जल्द ही नौगई पहुंचकर जांच शुरू करेगी. परिजनों को उम्मीद है कि सीबीआई जांच से मामले का सच सामने आएगा और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी. फिलहाल पूरे इलाके की निगाहें सीबीआई की जांच पर टिकी हैं.
नौगई गांव में रेत खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और मनोज त्रिपाठी के बीच पहले से विवाद की स्थिति बनी हुई थी और इस संबंध में पहले भी थाने में शिकायत किए जाने की बात सामने आई थी. आरोप है कि घटना वाली रात विवाद बढ़ने के बाद मनोज त्रिपाठी और उसके परिवार के कुछ लोगों ने रास्ता रोककर फॉर्च्यूनर वाहन को घेर लिया और आग लगा दी. इससे तीन लोगों की मौत हो गई थी.
