रायपुर 01 जुलाई 2026 : दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब पूरे छत्तीसगढ़ को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से प्रदेश के सभी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। आने वाले 7 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी वर्षा होने के संकेत हैं।
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। दोपहर तक उमस से लोगों को परेशानी हुई, जिसके बाद हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। बुधवार को भी शहर में मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है।प्रदेश में मंगलवार को राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
इसके प्रभाव से 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के असर से रायपुर सहित प्रदेश के मध्य भागों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई।
कुसमी – 9 सेमी
पखांजूर – 7 सेमी
चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा – 5-5 सेमी
शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा – 4-4 सेमी
पौड़ी उपरोड़ा, गीदम, सामरी और दोरनापाल – 3-3 सेमी
इसके अलावा प्रदेश के एक दर्जन से अधिक स्थानों पर 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
अधिकतम तापमान: 34°C
न्यूनतम तापमान: 26°C
14 जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवा चलने और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
