19 जुलाई 2026 : जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी। दरहाली नदी में अचानक आई बाढ़ से बेला कॉलोनी, बस स्टैंड और आसपास के इलाके जलमग्न हो गए। तेज बहाव में कई वाहन बह गए, कई मकानों को नुकसान पहुंचा और मंजाकोट क्षेत्र में एक कब्रिस्तान भी बह गया। खराब मौसम और भूस्खलन के चलते माता वैष्णो देवी यात्रा भी अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है।
रातभर हुई बारिश से आई अचानक बाढ़
अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे तक हुई भारी बारिश के कारण दरहाली नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी का पानी बेला कॉलोनी में घुस गया, जिससे पूरा इलाका जलमग्न हो गया। बेला बस स्टैंड पर खड़े कई वाहन तेज बहाव में बह गए और कई घरों में पानी भर गया। कई परिवार बाढ़ के बीच फंस गए, जबकि मवेशियों के नुकसान की भी सूचना है।
बादल फटने से कब्रिस्तान बहा
मंजाकोट तहसील के कोटली कलाबन और गोलिनारी क्षेत्रों में बादल फटने की घटना हुई। इसके बाद आई अचानक बाढ़ में स्थानीय कब्रिस्तान बहकर पास की धारा में चला गया, जिससे कई कब्रें नष्ट हो गईं। इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा दुख और चिंता का माहौल है।
