सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान : सफाई मित्र सुरक्षा सम्मान शिविर में 500 स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों की हुई स्वास्थ्य जांच

सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से दिया गया प्रशिक्षण

एसएलआरएम केंद्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर स्वच्छता दीदियों को किया गया सम्मानित

अम्बिकापुर 07 अक्टूबर 2026 : सेवा संकल्प अभियान के स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत नगर पालिक निगम अम्बिकापुर द्वारा सफाई मित्र सुरक्षा सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में कुल 500 स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच की गई।

शिविर के दौरान सफाई कार्य में उपयोग किए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग, कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। सफाई मित्रों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

इस अवसर पर एसएलआरएम केंद्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने स्वच्छता दीदियों से संवाद किया।

शिविर में महापौर, सभापति, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि, नगर निगम आयुक्त सहित अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां एवं सफाई मित्र उपस्थित रहे।